जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में योजनाओं की गहन समीक्षा, निरीक्षण व रिपोर्टिंग में लापरवाही पर सख्त निर्देश*
*
बीकानेर, 27 फरवरी। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों, कल्याणकारी योजनाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत प्रगति समीक्षा की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन विभिन्न चिकित्सा संस्थानों का सघन निरीक्षण कर ओडीके ऐप पर रिपोर्टिंग की जानी है, किंतु अपेक्षित उपलब्धि नहीं हो रही है। उन्होंने समस्त ब्लॉक सीएमओ एवं जिला स्तर से ब्लॉक प्रभारियों को आगामी माह में सभी चिकित्सा संस्थानों का सघन निरीक्षण कर ओडीके ऐप पर अनिवार्य रूप से रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि खाजूवाला उप जिला अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति के बावजूद डिलीवरी केस पूर्व की तुलना में अधिक रेफर किए गए। इस पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए डॉ. साध ने अस्पताल के पीएमओ डॉ. अमरचंद बुनकर एवं गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. सुनीता गोदारा से जवाब तलब किया तथा तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने मातृशिशु स्वास्थ्य, एएनसी पंजीकरण, संस्थागत प्रसव एवं टीकाकरण की समीक्षा प्रस्तुत की। डिप्टी सीएमएचओ (परिवार कल्याण) डॉ. योगेंद्र तनेजा ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के तहत जिले में कम से कम 259 स्वास्थ्य केंद्रों को प्रमाणित करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही एनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान के अंतर्गत आयरन की गोलियों की आपूर्ति शीघ्र विद्यालयों तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डिप्टी सीएमएचओ (स्वास्थ्य) डॉ. लोकेश गुप्ता ने मौसमी बीमारियों, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (मां) तथा अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति प्रस्तुत की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोमासर एवं गजनेर में मां योजना के अंतर्गत कम उपलब्धि पर असंतोष व्यक्त करते हुए डॉ. साध ने संबंधित स्वास्थ्य मार्गदर्शक को प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से बदलने के निर्देश दिए। एनपी-एनसीडी कार्यक्रम अंतर्गत शुगर, बीपी एवं सामान्य कैंसर स्क्रीनिंग की ब्लॉकवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला टीबी अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर मोदी ने टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान एवं निःशुल्क जांच योजना की प्रगति की समीक्षा की। डॉ. नवल गुप्ता ने मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान दवा योजना की समीक्षा प्रस्तुत की। विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएमओ डॉ. अनुरोध तिवारी ने मीजल्स-रूबेला टीकाकरण एवं हाई-रिस्क क्षेत्रों में संचालित विशेष टीकाकरण सत्रों की जानकारी दी।
बैठक में समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, ब्लॉक सीएमओ, विभिन्न अस्पतालों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
*निशुल्क दवा योजना में 46 महीनो से लगातार पहले स्थान पर बीकानेर*
मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान दवा योजना के क्रियान्वयन में बीकानेर जिला लगातार 46 महीनो से पूरे राज्य में पहले स्थान पर बना हुआ है। इसके लिए सीएमएचओ डॉ पुखराज साध ने योजना प्रभारी डॉ नवल गुप्ता, चिकित्सा अधिकारियों तथा सभी फार्मेसिस्ट को बधाई दी। जिले में प्रथम स्थान पर रहने पर पीएचसी गारबदेसर के लिए ब्लॉक सीएमओ डॉ विभय तवर, दूसरे स्थान पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देशनोक के प्रभारी डॉ विजेंद्र निर्वाण, ब्लॉक सीएमओ डॉ सुनील जैन, बीपीओ ऋषि कल्ला को तथा तीसरे स्थान पर रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दंतोर के लिए ब्लॉक सीएमओ डॉ मुकेश मीणा व बीपीओ हेतराम बेनीवाल को शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *

